मुजफ्फरनगर। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की ओर से विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली पोलियो एवं फिटनेस जागरूकता रैली के संबंध में 22 अक्टूबर को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें रैली के उद्देश्य, तैयारियों और जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी गई। प्रेस वार्ता में रोटेरियन सुनील अग्रवाल, पोलियोप्लस सोसाइटी सब-कमेटी चेयर, रोटेरियन विकास भार्गव, डिस्ट्रिक्ट पोलियो डायरेक्टर, रोटेरियन डॉ. नितिन जैन, एफआईटी कमेटी डायरेक्टर, नवीन सिंघल, शरद जैन और संदीप गुप्ता ने रैली की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रैली का उद्देश्य पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवन और फिटनेस के प्रति प्रेरित करना है। रैली नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस हॉल में संपन्न होगी। इसमें लगभग 500 विद्यार्थी भाग लेंगे।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर के सभी रोटरी क्लबों के सदस्य तथा खतौली, शामली और बड़ौत सहित आसपास के क्षेत्रों से रोटेरियन शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडल 3100 की गवर्नर रोटेरियन पायल गौर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और पोलियो नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार भाग लेंगे। विद्यालय की प्रधानाचार्य सुमित्रा सिंह भी आयोजन में सहयोग करेंगी। सुनील अग्रवाल ने बताया कि 24 अक्टूबर को डिस्ट्रिक्ट 3100 के 13 नगरों में एक साथ रैली निकाली जाएगी, जिसमें 10 हजार से अधिक रोटरी परिवार के सदस्य और स्कूली बच्चे भाग लेंगे। रोटरी सदस्यों ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता से बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। रैली के माध्यम से “एंड पोलियो नाउ स्वस्थ रहें, फिट रहें” का संदेश दिया जाएगा।














