बाँदा। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश द्विवेदी ने विकास की बड़ी सौगात दी। एक ही दिन में जनसंवाद, 18 करोड़ 70 लाख की सड़क का भूमिपूजन और 29 लाख के बारात घर का लोकार्पण कर विधायक ने साफ कर दिया कि बांदा में विकास की रफ्तार अब रुकने वाली नहीं है। ग्राम पंचायत निवादा मलेहरा में जनसंपर्क एवं जनचौपाल का आयोजन हुआ। यहां विधायक प्रकाश द्विवेदी ने ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया। लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। विधायक ने कहा जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्राम पंचायत तिंदवारा में राज्य सड़क निधि से स्वीकृत बांदा-नरैनी मार्ग से प्रारंभ होकर बांदा-बिसंडा मार्ग तक लगभग 7 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत भूमिपूजन विधायक द्वारा किया गया। लगभग 18 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग की चौड़ाई 3.5 मीटर से बढ़ाकर 5.5 मीटर की जाएगी। साथ ही पुल-पुलियों का निर्माण, आबादी वाले क्षेत्रों में सीसी रोड, थर्मोप्लास्टिक कैट-आई एवं आधुनिक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। मार्ग के बनने से आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और विकास व आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
विधायक ने ग्राम पंचायत तिंदवारा में बुंदेलखंड विकास निधि के अंतर्गत लगभग 29 लाख रुपये की लागत से निर्मित बारात घर का लोकार्पण भी किया। इस सुविधा से ग्रामवासियों को सामाजिक एवं मांगलिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। ग्रामवासियों ने इस सौगात के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा बांदा सदर विधानसभा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर सड़क संपर्क, जनसमस्याओं का समाधान और जनकल्याणकारी कार्यों को धरातल पर उतारना निरंतर जारी रहेगा। हमारा संकल्प है कि विकास की मुख्यधारा से प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक को जोड़ा जाए।कार्यक्रम के दौरान राजभवन उपाध्याय,पंकज रैकवार,प्रेम स्वरूप द्विवेदी, ब्लॉक प्रमुख बड़ोखर स्वर्ण सिंह सोनू ,राम किशोर शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य सदाशिव अनुरागी, धीरज राजपूत, अमरमणि त्रिपाठी,सुधीर मिश्रा,मुन्नीलाल चौरसिया, बलवान सिंह, शशिभूषण शुक्ला, कुलदीप शुक्ला, मनमोहन राजपूत सहित भाजपा के समस्त कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी उपस्थित रहे।















