मुजफ्फरनगर। जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स एलायंस (निसा) की ओर से उत्तराखंड में आयोजित स्कूल लीडरशिप समिट ‘मंथन 2.0’ में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया एवं रीता दहिया को ‘एक्सीलेंस इन स्टूडेंट्स डेवलपिंग अवार्ड’ प्रदान किया गया।
सम्मेलन में यह सम्मान निसा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा, मेजर जनरल वी.एन. चतुर्वेदी तथा उत्तराखंड के विभिन्न स्कूल एसोसिएशनों के पदाधिकारियों ने प्रदान किया। मंथन 2.0 में देश के 22 राज्यों से स्कूल संचालकों, शिक्षाविदों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में शिक्षा को अधिक प्रभावी, उद्देश्यपूर्ण और भविष्यपरक बनाने को लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
कार्यक्रम में नई शिक्षा नीति-2020, भविष्य के शिक्षक एवं विद्यार्थी, अंकों से आगे की शिक्षा, कक्षा से बाहर विद्यालय की भूमिका, विद्यार्थी नेतृत्व, कौशल विकास, नवाचार, तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मूल्य आधारित शिक्षा तथा विद्यालयों के समग्र विकास जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संस्कार, रचनात्मकता, जीवन कौशल और जिम्मेदार नागरिकता के लिए भी तैयार किया जा रहा है। सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार, शिक्षक, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने खुशी जताई।














