मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा अपराध संख्या 360/2026 में वांछित आरोपी पानीपत–खटीमा मार्ग से हरिद्वार की ओर फरार होने की फिराक में हैं।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पानीपत–खटीमा हाईवे पर रेलवे पुल के नीचे चेकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद शामली की ओर से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में टीम बाल–बाल बची।आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के घुटने के नीचे पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। वहीं, दूसरे आरोपी को जंगल में चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।























































