मुजफ्फरनगर। जिला रेड क्रॉस सोसायटी की आम सभा विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने किया। इस दौरान जिला पंचायत प्रशासक डा. वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर, सीएमओ डा. सुनील तेवतिया और एसीएमओ डा. दिव्या वर्मा सहित सोसायटी के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने घोषणा की कि तहसीलदार सदर रेड क्रॉस सोसायटी की चुनाव प्रक्रिया के नोडल अधिकारी होंगे। उन्होंने रेड क्रॉस भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए और कहा कि आगामी बैठक रेड क्रॉस भवन में ही आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी ने सोसायटी की वित्तीय स्थिति मजबूत करने तथा फिजियोथेरेपी सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य मुख्यालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सोसायटी का निर्वाचन कराया जाएगा।
चेयरमैन डा. अशोक अरोरा ने बताया कि सोसायटी के पास ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। साथ ही राज्य मुख्यालय से मल्टी पर्पज मोबाइल टेस्टिंग लैब की स्वीकृति मिल चुकी है, जो जल्द ही जनपद में पहुंचेगी। बैठक में स्कूल-कॉलेजों में मैजिक शो के दौरान रेड क्रॉस सोसायटी के नाम के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया गया। इस संबंध में डीआईओएस और बीएसए को निर्देशित करने की बात कही गई।
डा. अरोरा ने बताया कि जनपद के सभी स्कूलों में रेड क्रॉस सोसायटी का गठन किया जाना है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए तीन वर्ष का आय-व्यय विवरण भी सदन के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि आजीवन सदस्यों की सूची अपडेट की जा रही है तथा सदस्यों को प्रमाण पत्र और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। बैठक में पूर्व चेयरमैन डा. सुभाषचंद शर्मा, डा. गीतांजलि वर्मा, नीलकमल पुरी, गौहर सिद्दीकी, पुनीत अग्रवाल और व्यापारी नेता कृष्णगोपाल मित्तल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।























































