मुजफ्फरनगर। उद्योग व्यापार मंडल मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को दो ज्ञापन सौंपे। एक ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए यूपीआई के माध्यम से भुगतान लेने वाले व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का चार्ज लगाए जाने के विरोध में सौंपा गया। व्यापारियों ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था ने कारोबार को आसान बनाने के साथ-साथ लेनदेन में पारदर्शिता बढ़ाने का काम किया है। ऐसे में यूपीआई भुगतान पर व्यापारियों से अतिरिक्त शुल्क लिया जाना उनके लिए आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला कदम होगा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारी बड़ी संख्या में यूपीआई के माध्यम से भुगतान स्वीकार करते हैं। ग्राहकों की सुविधा और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए व्यापारी लंबे समय से यूपीआई का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में भुगतान पर किसी भी तरह का अतिरिक्त चार्ज लगाए जाने से व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की।
दूसरे ज्ञापन के माध्यम से जनपद के व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। व्यापारियों ने प्रशासन से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का अनुरोध किया।ज्ञापन सौंपने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कंसल, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सिंघल, जिला महामंत्री श्याम सिंह सैनी, अलका शर्मा, दिनेश बंसल, हिमांशु कौशिक, अशोक छाबड़ा, अनिल तायल, अमित मित्तल, मुकेश मित्तल और हिमांशु मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।














