मुंबई में युवाओं के लिए फेलोशिप के साथ काम का एक्सपीरियंस हासिल करने का अच्छा मौका है. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने Gen Z Fellowship 2026 के लिए आवेदन शुरू किए हैं. यह 12 महीने का पेड फेलोशिप प्रोग्राम है जिसमें चयनित युवाओं को नगर प्रशासन और शहर के विकास से जुड़े कामों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा. फेलो को अच्छा स्टाइपेंड दिया जाएगा. इस प्रोग्राम के लिए कुल 50 सीटें रखी गई हैं. बैचलर डिग्री वाले और 28 साल से कम उम्र के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है.
BMC के साथ पूरे 12 महीने काम करने का अवसर मिलेगा
BMC Gen Z Fellowship का उद्देश्य युवाओं को सिविक गवर्नेंस और प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है. चयनित फेलो को 12 महीने तक BMC के साथ काम करने का अवसर मिलेगा. इस दौरान वे पॉलिसी से जुड़े लोगों के साथ काम करेंगे और मुंबई के नागरिक प्रशासन को समझेंगे.फेलोशिप के जरिए युवाओं को गवर्नेंस, लीडरशिप और शहर के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स में प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस मिलेगा. BMC ने इस पहल को भविष्य के युवा नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में जरूरी कदम बताया है. इसकी टैगलाइन ‘आइए, विकसित मुंबई के लिए साथ आएं’ रखी गई है.
कौन कर सकता है आवेदन?
इस फेलोशिप के लिए किसी भी विषय में बैचलर डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवार की आयु 28 साल से कम होनी जरूरी है. उम्मीदवार को मराठी भाषा पढ़ने, लिखने और बोलने में अच्छी पकड़ होना जरूरी है. इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी की सामान्य जानकारी भी अपेक्षित है. उम्मीदवारों को कंप्यूटर और इंटरनेट के इस्तेमाल की बेसिक जानकारी होनी चाहिए. इस भर्ती के तहत कुल 50 फेलो चुने जाएंगे. फेलोशिप पूरी करने वाले उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.
कितना मिलेगा स्टाइपेंड?
चयनित उम्मीदवारों को फेलोशिप अवधि के दौरान 61,500 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा. आवेदन प्रक्रिया 19 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक उम्मीदवार BMC के रिक्रूटमेंट पोर्टल bmc.recruitlive.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन फीस 500 रुपये
आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. उम्मीदवारों को आवेदन के समय 500 रुपये फीस जमा करनी होगी. तय तारीख के बाद भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसलिए योग्य उम्मीदवारों को अंतिम समय का इंतजार किए बिना आवेदन पूरा करने की सलाह दी जाती है.























































