मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने दीप प्रज्वलित कर यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को दृश्य माध्यमों से यातायात नियमों एवं सुरक्षित वाहन संचालन की जानकारी दी गई। एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और बहुमूल्य मानव जीवन की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा का माध्यम है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद के स्कूलों, कॉलेजों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। वहीं, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट पर भी निगरानी रखी जाएगी। आमजन को पीएम राहत योजना के तहत पात्र घायलों को डेढ़ लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार तथा राह-वीर योजना के तहत घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले नेक मददगारों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी जाएगी। इस दौरान एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस ने लोगों से दुर्घटना में घायलों की मदद करने और आपात स्थिति में 112 पर सूचना देने की अपील की।















