बांदा। जहां पूरे जिले में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की धूम थी, वहीं पैलानी थाना क्षेत्र के मड़ौली कला गांव से एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे गांव को हिला कर रख दिया। विसर्जन के दौरान यमुना नदी में डूबने से 20 साल के युवक की दर्दनाक मौत हो गई।मृतक की पहचान ज्ञानू श्रीवास्तव (20 वर्ष) पुत्र निवासी मड़ौली कला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बीती शाम गांव के लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए यमुना घाट पर गए थे। उत्साह में जब प्रतिमा विसर्जित की जा रही थी, तभी ज्ञानू का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह तेज बहाव में ओझल हो गया। साथ में मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पैलानी थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तुरंत एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया।
घंटों तक यमुना में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी तलाश के बाद आखिरकार ज्ञानू का शव यमुना किनारे मिला। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि ज्ञानू बचपन से ही अपने नाना कैलाश श्रीवास्तव के साथ रहता था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी इकलौती बहन पूजा की शादी हो चुकी है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नाना कैलाश बदहवास हैं, तो बहन पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा मड़ौली कला गांव इस समय शोक में डूबा है। जिस घर में आज विसर्जन के बाद खुशियां होनी थीं, वहां मातम पसरा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।















