आयरलैंड की राजधानी डबलिन में गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को आयोजित यूरोपीय राजनीतिक समुदाय (EPC) की बैठक के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रोस्टाडोटिर के बीच एक असहज पल कैमरे में कैद हो गया। मुलाकात के दौरान मैक्रों ने आइसलैंड की प्रधानमंत्री का अभिवादन करते हुए उन्हें गले लगाने के लिए आगे झुकने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच प्रधानमंत्री पीछे हट गईं। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ पल के लिए माहौल असहज हो गया। इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
दरअसल, डबलिन में लिफी नदी के किनारे आयोजित इस शिखर सम्मेलन में 40 से अधिक यूरोपीय देशों के नेता शामिल हुए। बैठक का प्रमुख मुद्दा यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था और रूस-यूक्रेन युद्ध रहा। सम्मेलन में युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत दोबारा शुरू करने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई, जिन्हें अमेरिका का समर्थन हासिल है। यूरोपीय संघ और ब्रिटेन समेत विभिन्न यूरोपीय देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों ने इसमें भाग लिया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और नाटो महासचिव मार्क रुटे भी बैठक में मौजूद रहे।















