मेधावी छात्राओं को मिले पुरस्कार, लैपटॉप भी बांटे.

मुजफ्फरनगर। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मेधावी छात्राओं का सम्मान समारोह जिला पंचायत सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष मिनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक इंदु सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 22 छात्राओं को कुल 1.25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। कक्षा 10 की परीक्षा में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12 में प्रथम 11 स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी पांच-पांच हजार रुपये के प्रतीक चेक दिए गए। कक्षा 12 में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली छात्रा को 20 हजार रुपये का प्रतीक चेक प्रदान किया गया।

महिला कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत कक्षा 9 या उससे ऊपर के पांच बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से लाभान्वित दो बालिकाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने और आसपास की बालिकाओं को शिक्षा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

जिला मिशन कोऑर्डिनेटर ने बताया कि वर्ष 2011 में जिले का बाल लिंगानुपात 863 था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर करीब 940 पहुंच गया है। इसे प्रशासनिक सुधार और जागरूकता अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। कार्यक्रम में शुभम पाल, नीना त्यागी, पूजा नरूला, हेमलता, पूजा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में संजय कुमार यादव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और बच्चों का आभार व्यक्त किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts