मेजर ध्यानचंद की जयंती पर खेल प्रतिभाओं का सम्मान, डीएवी हॉकी एकेडमी बनी विजेता

मुजफ्फरनगर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय की ओर से विभिन्न जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं एवं खेल उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन और मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर रहे। प्रभारी क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया। डीएवी पीजी कॉलेज मुजफ्फरनगर के खेल मैदान में हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें डीएवी हॉकी एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि स्टेडियम टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी पूनम विश्नोई एवं डॉ. राजीव कुमार ने किया। वहीं राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों विजय, अजय जेमिनी, रोशनलाल, पवन कुमार और यशपाल सिंह को जिला खेल कार्यालय की ओर से सम्मानित किया गया। विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाली 20 बालिका खिलाड़ियों को मेडल एवं स्पोर्ट्स किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट ने उपस्थित खिलाड़ियों और अन्य लोगों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर आयोजित खेल उत्सव का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल कार्यालय के स्टाफ, खेल प्रशिक्षकों, कर्मचारियों तथा डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश त्यागी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts