मुजफ्फरनगर में 1.12 करोड़ रुपये की निवेश ठगी का खुलासा, फर्जी रियल एस्टेट कंपनी चलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर में करोड़ों रुपये की निवेश ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। थाना नई मंडी पुलिस ने फर्जी रियल एस्टेट और ट्रेडिंग कंपनियों के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने निवेशकों को हर माह 10 से 12 प्रतिशत तक मुनाफा देने का लालच देकर कुल 1 करोड़ 12 लाख रुपये की ठगी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी नई मंडी आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को 2 जुलाई 2026 को जानसठ फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और ग्लोबल टेक रियलटी कंपनी तथा जीटी एफएक्स ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक समाधान दिवस के दौरान शामली के दयानंद नगर निवासी अंकुश कौशिक और 20-25 अन्य लोगों ने थाना नई मंडी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 जुलाई 2025 को अभिषेक शर्मा ने उन्हें व्यावसायिक कार्य के बहाने भोपा रोड स्थित ग्रैंड प्लाजा मॉल में हरेन्द्र मलिया, दीपक चौधरी और प्रवीन कुमार से मिलवाया। आरोपियों ने खुद को ग्लोबल टेक रियलटी कंपनी और जीटी एफएक्स ट्रेडिंग कंपनी का संचालक बताते हुए महावीर चौक स्थित कार्यालय दिखाया और फर्जी बैंक विवरण, नकली प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत कर निवेशकों का विश्वास जीत लिया। इसके बाद खतौली में कथित रियल एस्टेट परियोजना, देहरादून स्थित रिसोर्ट और आईटी पार्क कार्यालय में वीडियो प्रेजेंटेशन दिखाकर ऋषिकेश में विकसित हो रही परियोजना में निवेश करने का झांसा दिया गया।

आरोपियों ने निवेश की गई राशि पूरी तरह सुरक्षित रहने और हर महीने भारी मुनाफा मिलने का दावा किया। शुरुआत में विश्वास कायम रखने के लिए करीब 35 लाख रुपये लाभांश के रूप में निवेशकों को वापस भी किए गए। इसके बाद आरोपियों ने भुगतान बंद कर दिया और पैसे लौटाने की मांग पर टालमटोल करने लगे। पुलिस जांच में सामने आया कि निवेश के लिए दिखाए गए सभी दस्तावेज पूरी तरह फर्जी थे। शिकायत के आधार पर थाना नई मंडी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts