मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय इंजीनियर्स डे एवं स्वर्गीय इंजीनियर आर.के. दत्त की पुण्यतिथि के अवसर पर उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की ओर से गांधी कॉलोनी बारातघर, पचेंडा रोड पर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासंघ से जुड़े इंजीनियरों और कर्मचारियों ने रक्तदान कर स्व. आर.के. दत्त को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिजनौर सांसद चंदन चौहान रहे। अध्यक्षता महासंघ के जिला अध्यक्ष इंजीनियर विकास कुमार ने की, जबकि संचालन इंजीनियर राजेंद्र कुमार एवं यू.सी. वर्मा ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. आर.के. दत्त के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान महासंघ के लिए उनके योगदान को याद करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। जिला अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि स्व. आर.के. दत्त का निधन रक्त की कमी के कारण हुआ था। उनकी स्मृति में उनकी पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष रक्तदान महादान कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 24 इंजीनियरिंग विभाग इस अभियान में सहभागिता करते हैं और यह सिलसिला करीब 31 वर्षों से लगातार चल रहा है। पिछले वर्ष मुजफ्फरनगर में 126 यूनिट रक्तदान हुआ था, जबकि इस वर्ष पिछले रिकॉर्ड को पार करने का लक्ष्य रखा गया है। एकत्रित रक्त सिविल अस्पताल को उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य अतिथि सांसद चंदन चौहान ने स्व. आर.के. दत्त को श्रद्धांजलि देते हुए रक्तदान कार्यक्रम को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और महासंघ द्वारा उनकी स्मृति में लंबे समय से किया जा रहा यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सहारनपुर सी.पी. सिंह, महासंघ सहारनपुर मंडल अध्यक्ष इंजीनियर मीनाक्षी श्रीवास्तव, मंडल सचिव के.के. सैनी, अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने विचार रखे। इस दौरान इंजीनियर रवि कुमार, मीनाक्षी, हरीश पाठक, देवेंद्र कुमार, रूपेंद्र सिंह, सुमित शर्मा, संदीप राज, श्रवण कुमार, यतेंद्र प्रताप सिंह, आशु कुमार, शमीम अहमद, नौशाद और शशि कुमार सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम ने सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश दिया।














