मुजफ्फरनगर को जाम से राहत दिलाने की तैयारी तेज.

मुजफ्फरनगर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए रामपुर तिराहा पुल के चौड़ीकरण की योजना आगे बढ़ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर पुल के चौड़ीकरण को मौखिक स्वीकृति दी थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने करीब 93 करोड़ रुपये की डीपीआर और व्यय अनुमान तैयार कर शासन को भेज दिया है। परियोजना को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि रामपुर तिराहा शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग है। यहां लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। पुल चौड़ा होने से दिल्ली-देहरादून मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी और आवागमन सुचारु होगा।

इसके साथ ही शहर के दूसरे छोर पर जानसठ चौक से महावीर चौक की ओर जाने वाले रेलवे पुल के विस्तार की भी पहल की गई है। मंत्री ने जिलाधिकारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को पुल की अतिरिक्त लेन चौड़ी करने तथा दोनों ओर उसकी लंबाई बढ़ाने की संभावनाओं का परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

मंत्री ने कहा कि शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रमुख मार्गों और पुलों की क्षमता बढ़ाना जरूरी है। दोनों परियोजनाओं को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जा रहा है। इन योजनाओं के पूरा होने से नागरिकों, व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। शासन और संबंधित विभागों के समन्वय से परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts