मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में विशेष पहल की गई। इसके तहत होली ऐंजल्स कॉवेंट स्कूल की कक्षा पांच की छात्रा अविका त्यागी को एक दिन के लिए उपायुक्त उद्योग का दायित्व सौंपा गया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली समझने और सरकारी विभाग की जिम्मेदारियों को करीब से जानने का अवसर मिला।
एक दिन की उपायुक्त उद्योग के रूप में अविका त्यागी ने कार्यालय पहुंचकर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने उन्हें योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता की शर्तों, आवेदन प्रक्रिया और पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। छात्रा ने योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी जानकारी हासिल करते हुए विभाग के कामकाज को समझने में रुचि दिखाई।
इसके बाद अविका त्यागी ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग पटल पर संपादित किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और कार्यालय में होने वाली प्रशासनिक गतिविधियों को समझा। इस दौरान उन्हें सरकारी कार्यालय के प्रबंधन, अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना और उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। इस तरह की पहल से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, जिम्मेदारियों को समझने और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने के लिए प्रोत्साहन मिलता है। अविका त्यागी को एक दिन के लिए उपायुक्त उद्योग की जिम्मेदारी सौंपना बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।















