मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत मीरापुर स्थित शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन के महत्व, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतना आवश्यक है। किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का सामना करने पर तत्काल सहायता के लिए थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क और संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जापान के आइची-नागोया में अक्टूबर 2026 में आयोजित एशियाई पैरा खेलों में दो रजत पदक जीतकर देश और क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली प्रीति पाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि को दृढ़ इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास की प्रेरणादायक मिसाल बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी सफलता के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया कि निरंतर प्रयास और मजबूत संकल्प से विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करने















