मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत थाना मंसूरपुर क्षेत्र स्थित एमडीएस इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और उनके माता-पिता को महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान सरकारी महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना प्रमुख रहीं। इसके साथ ही नशा मुक्ति भारत अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 नंबर शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के अंतर्गत लोगों को जानकारी देने वाले पंपलेट भी वितरित किए गए।















