महिला सुरक्षा का संदेश लेकर निकला पुलिस का पैदल मार्च, अधिकारों के प्रति किया जागरूक.

शामली। शारदीय नवरात्र के दौरान मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत शामली में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाला गया मार्च कोतवाली शामली से शुरू होकर विजय चौक तक पहुंचा। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों, छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।पैदल मार्च के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, समानता, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी तरह के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या हिंसा की स्थिति में चुप न रहने का संदेश दिया। साथ ही ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों और सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस ने जरूरत के समय सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया।पुलिस के अनुसार, आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181, चाइल्ड हेल्पलाइन के लिए 1098, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।

सुरक्षित माहौल बनाने पर जोर

पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की जानकारी पुलिस को देने और अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत करने के साथ समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।शामली पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts