मुजफ्फरनगर। बेगराजपुर क्षेत्र के घासीपुरा गांव में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रजनी शर्मा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण जनसभा का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली महापंचायत को सफल बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील करते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
सभा के दौरान महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। इस अवसर पर आयुषी पंवार को महिला मोर्चा का तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने आयुषी पंवार का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महिला मोर्चा को तहसील स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
बैठक में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर महापंचायत के लिए लोगों को जागरूक करने और अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में हनी बालियान, अमित सुहेल और पिंकी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया।















