UN में ऐसा क्या बोले नेतन्याहू? कई डिप्लोमैट्स ने किया वॉकआउट.

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण शुरू करते ही कई देशों के प्रतिनिधि सदन से बाहर निकल गए. वहीं, इजरायली प्रतिनिधि खड़े होकर नेतन्याहू के समर्थन में तालियां बजाते नजर आए. भाषण शुरू करने से पहले नेतन्याहू ने सदन से बाहर जाने वाले प्रतिनिधियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर कोई और ‘नैतिक रूप से कायर’ प्रतिनिधि अभी सदन में रह गया है तो वह भी बाहर जा सकता है.नेतन्याहू ने भाषण के दौरान अंतरराष्ट्रीय आलोचकों और सदन से बाहर जाने वाले प्रतिनिधियों पर निशाना साधा. उन्होंने ईरान का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की मौजूदा सरकार आखिरकार गिर जाएगी. नेतन्याहू ने इजरायल की आलोचना करने वाले प्रदर्शनकारियों और राजनयिकों से सवाल किया कि वे ईरान की कार्रवाइयों और पूरे मध्य पूर्व में ईसाइयों के उत्पीड़न को लेकर चुप क्यों हैं.

ईरान को लेकर क्या बोले नेतन्याहू

उन्होंने कहा कि इजरायल एकमात्र ऐसा देश है, जहां ईसाई आबादी बढ़ रही है और फल-फूल रही है. उन्होंने ईरान की सरकार को लेकर कहा कि ईरानी लोग आजाद होंगे. यह शासन अपने झूठ, भ्रष्टाचार और क्रूरता की वजह से आखिरकार खत्म हो जाएगा. अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा कि इजरायल का अस्तित्व कभी कमजोर नहीं पड़ेगा और इसकी वजह यह है कि उसके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है.

नेतन्याहू ने अचानक क्यों निकाल लिया पेजर

नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण के दौरान एक पेजर निकालकर दर्शकों से पूछा कि क्या उन्हें ये याद हैं. उन्होंने कहा कि हिजबुल्लाह को ये पेजर जरूर याद होंगे. नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल ने सात मोर्चों पर लड़ाई के दौरान हमास और हिजबुल्लाह को भारी नुकसान पहुंचाया. उनके पेजर दिखाने पर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं. नेतन्याहू का इशारा 2024 में लेबनान में हुए उस हमले की ओर था, जिसमें एक साथ बड़ी संख्या में पेजर फट गए थे. इस हमले में 9 लोगों की मौत हुई थी और करीब 3,000 लोग घायल हुए थे.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts