बांदा। बबेरू कस्बे में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब उन्होंने आस्था के मंदिर को भी नहीं बख्शा। पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े करते हुए चोरों ने मुख्य मार्ग के मंदिर में धावा बोल दिया।बबेरू के तिंदवारी रोड स्थित मंडी गेट का है। चोर मंडी गेट के बगल में बने मंदिर में घुसे। चोरों ने मूर्ति की सुरक्षा में लगा कांच तोड़ दिया और अंदर रखी दानपेटी, करीब 5-6 किलो वजनी पीतल का घंटा, पूजा की थाली और अन्य सामान पार कर दिया।व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से लोग हैरान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर स्थित मंदिर में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया और पुलिस गश्त को भनक तक नहीं लगी।सुबह जब श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो कांच टूटा और सामान गायब देख दंग रह गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।बबेरू क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।























































