मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साजिद हसन ने नगर में बार-बार लगाए जा रहे भड़काऊ और विवादित होर्डिंग को लेकर पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों द्वारा जिले का माहौल खराब करने की साजिश के तहत ऐसे होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। साजिद हसन ने पुलिस-प्रशासन से होर्डिंग लगाने और लगवाने वालों की पहचान कर उन्हें तत्काल जेल भेजने की मांग की है।
सपा नेता ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर नगर में दूसरी बार विवादित होर्डिंग लगाए गए हैं। इससे पहले भी लगाए गए भड़काऊ होर्डिंग को सपा नेताओं को स्वयं फाड़ना पड़ा था। उनका आरोप है कि पहली घटना के बाद भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते दोबारा ऐसी घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया।
साजिद हसन ने कहा कि पुलिस भड़काऊ होर्डिंग उतरवाने की कार्रवाई तो कर रही है, लेकिन उन्हें लगाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि पूरे नगर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद पुलिस ऐसे लोगों तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई में ढिलाई इस बात का संकेत है कि होर्डिंग लगवाने वाले सत्ताधारी दल से जुड़े हो सकते हैं।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और जिले के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को जेल भेजने की मांग की।






















































