मुजफ्फरनगर। भगवान वाल्मीकि के अनुयायियों की ओर से टाउन हॉल मैदान से भगवान वाल्मीकि ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया। विशेष अतिथि नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और मुख्य अतिथि पूर्व विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने फीता काटकर यात्रा का शुभारंभ किया। ध्वज वाहक वाल्मीकि समाज के नेता चमन लाल वाल्मीकि का समाज के गणमान्य लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। बैंड-बाजे के साथ निकली ध्वज यात्रा शिव चौक, भगत सिंह रोड, हनुमान चौक और आबकारी रोड होते हुए भगवान वाल्मीकि मंदिर पहुंची, जहां मंदिर के शिखर पर ध्वज स्थापित किया गया।
मीनाक्षी स्वरूप ने भगवान वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा का पालन करते हुए अपने कुल के वचन को निभाया और बुराई का अंत किया। उन्होंने कहा कि सभी को सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता मजबूत होती है तथा आपसी भाईचारे के रिश्ते सुदृढ़ होते हैं।
पूर्व विधायक प्रमोद ऊंटवाल ने कहा कि संत, ऋषि और भगवान किसी एक जाति या धर्म विशेष तक सीमित नहीं होते। उनके विचार और ज्ञान सदैव जगत कल्याण का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा समाज की आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। आयोजक समिति ने बताया कि आगामी 26 अक्टूबर को भगवान वाल्मीकि शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी, जिसमें आकर्षक झांकियां शामिल होंगी।
आयोजन में डॉ. मुकेश बिड़ला, विनोद टांक, दीपक गंभीर, चमन लाल वाल्मीकि, राजू मचल, मनोज पारचा, सोनू मचल, मनीष बिड़ला, सोनू सरवट वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।














