मुजफ्फरनगर। जनपद में हवाई हमले से बचाव एवं आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था को परखने के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 को शाम छह बजे ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर होने वाले इस अभ्यास की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसके लिए पुलिस लाइन में स्थान चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। मॉक ड्रिल के दौरान शाम छह बजे सायरन बजाया जाएगा। सायरन की आवाज दो मिनट तक ऊंची और धीमी ध्वनि में प्रसारित होगी। इसकी आवाज सुनते ही संबंधित स्थलों पर विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया जाएगा। प्रशासन ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें तथा इस अभ्यास में सहयोग करें।
हवाई हमले की आशंका अथवा किसी आपात स्थिति में सायरन के माध्यम से लोगों को सतर्क करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया जाएगा। तैयारियों की समीक्षा के दौरान डिप्टी सीएमओ, सीओ सीटी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, खाद्य विभाग, आपूर्ति विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नगर पालिका और विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि मॉक ड्रिल के दौरान अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और आपसी समन्वय बनाए रखें। प्रशासन के अनुसार इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में जनसामान्य की सतर्कता, सुरक्षा उपायों और विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि 22 नवंबर को शाम छह बजे सायरन बजने पर घबराएं नहीं, बल्कि इसे पूर्व निर्धारित अभ्यास समझकर सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करें और लाइटें बंद रखकर मॉक ड्रिल को सफल बनाएं।















