बॉडीबिल्डिंग से शूटिंग तक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, एसएसपी ने किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बॉडीबिल्डिंग, शूटिंग, खो-खो और बैडमिंटन प्रतियोगिताएं हुईं। रिजर्व पुलिस लाइन में कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश पुलिस की उस बॉडीबिल्डिंग टीम के प्रदर्शन से हुई, जो राष्ट्रीय स्तर की पुलिस बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। विभिन्न जनपदों से आए पुलिसकर्मियों और मुजफ्फरनगर पुलिस परिवार के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी शारीरिक दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया।

इस दौरान एसएसपी ने कोच, रेफरी, पुलिस अधिकारियों, मिस्टर इंडिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता को मजबूत करते हैं। इसके बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल की शूटिंग रेंज में शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को एसएसपी संजय कुमार वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन ने मेडल देकर सम्मानित किया। खो-खो और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। एसएसपी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने और विद्यालय, परिवार व जनपद का नाम रोशन करने की अपील की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, एएसपी/सीओ नगर सिद्धार्थ मिश्रा, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts