मुजफ्फरनगर। वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में बाल दिवस के अवसर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल, मुजफ्फरनगर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वामा सारथी की नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मकता, कला और प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर 41वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश पुलिस शिक्षा समिति की ओर से आयोजित इंटर स्कूल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं को इन्दु सिद्धार्थ ने सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में चित्रांश (11 वर्ष) ने शतरंज, अनन्या (13 वर्ष) ने मंडाला आर्ट, शिवांशी ने थ्रस्टी क्रो स्टोरी, तनिष्का ने कैलीग्राफी, युवराज ने स्पेल क्विज, लविन ने मैथ क्विज तथा विधि ने अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी शिक्षा, खेल, साहित्य, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना तथा उनके व्यक्तित्व, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।















