बाँदा। तिंदवारी थाना क्षेत्र तेज रफ्तार ने एक बुजुर्ग की जिंदगी छीन ली। खेत की ओर जा रहे 75 वर्षीय किसान को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि बुजुर्ग का शव ट्रक में फंस गया और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जसईपुर निवासी महेश पुत्र जागेश्वर सिंह (75) के रूप में हुई है। रविवार दोपहर वह रोज की तरह खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह माटा गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग ट्रक के नीचे कुचल गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शव ट्रक में फंसा देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना की खबर आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि इस मार्ग पर ट्रक-बसें बेलगाम दौड़ती हैं, कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है। आए दिन हादसे होते हैं। सूचना पर तिंदवारी पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रक से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि हादसे वाले मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं ताकि फिर किसी घर का चिराग न बुझे।














