सहारनपुर। आयशा मॉडल स्कूल में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधक मुझाहिद नदीम ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें बेहतर शिक्षा और अच्छे संस्कार देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चों को पुरस्कार और मिठाई वितरित की गई। पुरस्कार एवं मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे विद्यालय में उत्सव का माहौल रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों का उत्साहवर्धन करना, उनकी प्रतिभा को सम्मान देना और बाल दिवस को यादगार बनाना रहा।















