फर्जी बिल बनाकर व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार.

मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन फर्मों का डाटा चोरी कर उनके नाम और जीएसटी नंबर (GSTIN) का दुरुपयोग करते हुए फर्जी बिल तैयार कर व्यापारियों से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और करीब आठ लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद किए हैं। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से फर्जी फर्मों के नाम पर बिल तैयार कर व्यापारियों को अपना निशाना बनाता था।

पुलिस के अनुसार, प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और उनमें संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी अपराध सुभाष चन्द्र और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब आंध्र प्रदेश निवासी थारुन रेड्डी ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मुजफ्फरनगर में पंजीकृत केके एंटरप्राइजेज (KK ENTERPRISES) के नाम से योनेक्स मैविस-350 शटलकॉक की सप्लाई करने का झांसा देकर उनसे 22,400 रुपये की धोखाधड़ी की गई है। शिकायत की जांच में पता चला कि मुजफ्फरनगर में केके एंटरप्राइजेज नाम से वास्तविक फर्म पंजीकृत है, लेकिन उसके नाम और जीएसटी नंबर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा था।

तकनीकी जांच में सामने आया कि मेरठ निवासी कुंवरपाल मोबाइल एप एक्सपोर्ट इंडिया (EXPORT INDIA) और व्यापार एप (VYAPAR APP) के माध्यम से वास्तविक फर्म के नाम पर फर्जी बिल तैयार कर लोगों को धोखा दे रहा था। पुलिस ने साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी कुंवरपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन सिमकार्ड और लगभग आठ लाख रुपये के फर्जी बिल बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर साइबर धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts