मुजफ्फरनगर। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली (गाजियाबाद) एवं सर्विसेज क्लब, मुजफ्फरनगर के संयुक्त सहयोग से प्रकाश चौक स्थित सर्विसेज क्लब में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर का आयोजन सर्विसेज क्लब के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, उपाध्यक्ष सुनील सिंघल, सचिव विजय वर्मा तथा क्लब की कार्यकारिणी के नेतृत्व में किया गया। शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. निकुंज अग्रवाल, गैस्ट्रो विशेषज्ञ डॉ. जटा शंकर सहित हृदय रोग विशेषज्ञों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान बीपी, ब्लड शुगर, बीएमआई, फाइब्रोस्कैन सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने जांच के बाद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आवश्यक खान-पान के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित कर लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। लोगों ने स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। आयोजन में मुकेश जैन, अजय गुप्ता, राकेश, मनोज वर्मा, आयुष मित्तल, गिरीश अग्रवाल, गिरिराज किशोर, हिमांशु महेश्वरी, अतुल जैन, एडवोकेट अनिल आनंद, डॉ. जेएस तोमर, डॉ. सुजीत, राजेश गोयल, महेश जिंदल, प्रदीप गोयल, अशोक सरीन, भुवनेश गुप्ता, राकेश शर्मा, संजय जैन, रोहित गोयल और मोनू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














