मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम हरेटी के जंगल में मिले युवक के शव के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाजिम पुत्र मुजफ्फर हुसैन और शावेज पुत्र इफजुर रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से मृतक की आरवन-5 मोटरसाइकिल, स्मार्ट वॉच, एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त टोयोटा कोरोला एल्टिस कार, दो तमंचे, 315 बोर के पांच जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा 1050 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को पुरकाजी क्षेत्र के ग्राम हरेटी के जंगल में रोहन पुत्र विवेक राठी निवासी हरेटी का शव बरामद हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। मामले में थाना पुरकाजी पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
24/25 सितंबर की रात पुलिस टीम भैंसानी पुल के नीचे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार और मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक वापस भागने लगे। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जबकि कार सड़क किनारे ईंटों में फंस गई। दोनों आरोपी वाहन छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।














