मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर पुलिस ने नकबजनी की दो घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 66 हजार 300 रुपये नकद तथा दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की दोनों घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जड़ौदा निवासी सनीश के बंद मकानों को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना मंसूरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 302/26 और 338/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर थाना मंसूरपुर पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार चोरों की तलाश में जुटी थीं।
इसी क्रम में 12/13 नवंबर की रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जड़ौदा से वेरी जाने वाले रास्ते पर सुलेमान की ट्यूबवेल के सामने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, 66,300 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे .315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा एसपी सिटी अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय चौधरी और थाना प्रभारी मंसूरपुर विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।















