नेपाल त्रासदी में मदद को आगे आएं: मीनाक्षी स्वरूप

मुजफ्फरनगर। नेपाल में आई भीषण जल प्रलय से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए नगरपालिका परिषद ने राहत अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मुजफ्फरनगर की जनता से मानवीय संवेदना के साथ इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा ने सैकड़ों लोगों की जान ले ली है, जबकि हजारों परिवार संकट में हैं। अनेक परिवारों के घर, जरूरी सामान और अपनों का सहारा तक छिन गया है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवारों को केवल संवेदना ही नहीं, बल्कि सहयोग की भी आवश्यकता है।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगरपालिका परिषद जनसहयोग के माध्यम से नेपाल के प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आम लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों का छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन सकता है।

उन्होंने बताया कि राहत सामग्री नगरपालिका परिषद के मुख्यालय टाउनहाल में एकत्र की जाएगी। नगरपालिका के सभी वार्ड सभासदों, भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अभियान में शामिल होने का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को राहत अभियान से जोड़ें और एकत्र सामग्री को टाउनहाल तक पहुंचाने में सहयोग करें।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की जनता भी सेवा और मानवीयता की भावना के साथ नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आए और इस राहत अभियान को सफल बनाए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts