निजी अस्पतालों की जांच की मांग, सीएमओ से मिले शिवसेना पदाधिकारी.

मुजफ्फरनगर। जनपद में संचालित निजी अस्पतालों और मेडिकल सेंटरों में कथित तौर पर मानकों की अनदेखी तथा उपचार के दौरान होने वाली मौतों के मामलों को लेकर शिवसेना ने स्वास्थ्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को पश्चिम प्रदेश प्रमुख ललित मोहन शर्मा के निर्देश पर शिवसेना जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ को निजी अस्पतालों और मेडिकल सेंटरों से जुड़ी विभिन्न शिकायतों से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में कई स्थानों पर निर्धारित मानकों के बिना अस्पताल और मेडिकल सेंटर संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इसके अलावा कुछ निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान लगातार मौत के मामलों को लेकर भी लोगों में चिंता है। शिवसेना ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही सभी निजी अस्पतालों और मेडिकल सेंटरों का नियमित तथा औचक निरीक्षण कराने की मांग की।

जांच के दौरान पंजीकरण, चिकित्सकीय स्टाफ, भवन, उपकरण, अग्निशमन व्यवस्था, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं समेत सभी निर्धारित मानकों की पड़ताल करने की मांग रखी गई। पदाधिकारियों ने मानक पूरे नहीं करने वाले संस्थानों पर नियमानुसार कार्रवाई और फर्जी तरीके से संचालित अस्पतालों को चिन्हित कर सील करने की मांग की। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों पर निगरानी रख रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुकेश त्यागी, राजीव गर्ग, उज्ज्वल पंडित, अरुण कुमार, विशाल नायक, कुलदीप नायक, रविंद्र चौहान और रोशन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts