बांदा। जिले में एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। पैलानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ दरिंदगी कर उसे गर्भवती बना दिया गया। पेट में दर्द होने पर जब परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल बांदा पहुंचे, तो डॉक्टरों के होश उड़ गए। नाबालिग प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी और उसने एक मृत नवजात को जन्म दिया।अस्पताल में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत नवजात के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। मामला सामने आते ही पीड़िता के पिता ने थाना पैलानी में तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल पास्को एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पूरे मामले का खुलासा करते हुए सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह ने बताया की नाबालिग पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना पैलानी में अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना में साक्ष्य के आधार पर अभियुक्त मंजू वर्मा उर्फ बंटा पुत्र देवीदीन निवासी पैलानी को गिरफ्तार कर न्यायालय की अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। आरोपी मंजू उर्फ बंटा लंबे समय से नाबालिग को डरा-धमकाकर उसका शोषण कर रहा था। लोक-लाज के डर से पीड़िता ने किसी को कुछ नहीं बताया, जब तक कि गर्भ ठहर नहीं गया।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं पीड़िता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।















