मुजफ्फरनगर। सिसौली स्थित किसान मुख्यालय पर भारतीय किसान यूनियन की पंचायत में सभी बिरादरियों के खाप चौधरियों की बैठक आयोजित हुई। पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने युवाओं को नशे से दूर रहने और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
राकेश टिकैत ने कहा कि गांव-देहात में जहां भी नशे का कारोबार चल रहा है, उसे बंद कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, युवाओं को संगठन से जोड़ने और युवा इकाई को मजबूत करने के लिए गांव-गांव बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने के साथ नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।उन्होंने 17 सितंबर की रात मुजफ्फरनगर में होने वाली पंचायत में अधिक से अधिक किसानों से ट्रैक्टरों के साथ पहुंचने का आह्वान किया। पंचायत में राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष चौधरी गौरव टिकैत समेत विभिन्न बिरादरियों के चौधरियों ने भाग लिया।
इस दौरान कमल मित्तल, अलीशेर, विनोद वर्मा, अर्जुन बालियान, अनमोल धीमान, शाह आलम, नितिन, सक्षम, सूरज, पिंटू बालियान, जितेंद्र बालियान और गुरमेल बाजवा समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता बालियान खाप कश्यप चौधरी राकेश कश्यप ने की, जबकि संचालन मास्टर राहुल बालियान हड़ौली ने किया।
























































