मुजफ्फरनगर। आगामी दीपावली एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक से पूर्व गेस्ट हाउस पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने प्रभारी मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने त्योहारों के दौरान जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली सहित सभी पर्वों पर शांति और सौहार्द का वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
प्रभारी मंत्री ने नगर निकाय एवं संबंधित विभागों को त्योहारों के मद्देनजर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा, जिससे त्योहारों के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपदवासियों से दीपावली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, विकास प्राधिकरण सचिव कुंवर बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















