मुजफ्फरनगर। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान पीएनजी गैस पाइपलाइन और उससे जुड़े उपकरणों के आसपास बरती गई जरा सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसे देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने जनपद के पीएनजी गैस उपभोक्ताओं और आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि मुजफ्फरनगर में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की ओर से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जा रही है। दीपावली के दौरान पटाखों, बमों और रॉकेट से निकलने वाली चिंगारी गैस पाइपलाइन या उपकरणों के संपर्क में आने पर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि गैस पाइपलाइन के आसपास किसी भी प्रकार के पटाखे, बम और रॉकेट नहीं जलाने चाहिए। पाइपलाइन के नजदीक मोमबत्ती और दीपक रखने से भी बचना चाहिए। घरों में पीले रंग से पेंट की गई जीआई पाइप गैस पाइपलाइन को दर्शाती हैं, इसलिए नागरिकों को इनकी पहचान होनी चाहिए।
गैस उपकरणों के रेगुलेटर, पाइप और क्लैंप का इस्तेमाल आतिशबाजी जलाने के लिए बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इसके अलावा भूमिगत गैस वाल्व चैंबर के ऊपर वाहन खड़ा करने से भी बचना चाहिए। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस रिसाव की आशंका होने पर सबसे पहले सुरक्षित तरीके से गैस आपूर्ति बंद करनी चाहिए। इसके लिए रसोई में गैस मीटर के प्रवेश द्वार पर लगे आइसोलेशन वाल्व का इस्तेमाल किया जा सकता है। गैस चूल्हे के पास स्थित उपकरण वाल्व बंद रखना चाहिए। वहीं, घर की गैस आपूर्ति रोकने के लिए रसोई के बाहर रेगुलेटर से पहले लगे वाल्व को बंद किया जा सकता है। उन्होंने अपील की कि गैस लीकेज या किसी भी आपात स्थिति में नागरिक घबराएं नहीं और तत्काल आईजीएल के 24 घंटे संचालित इमरजेंसी कंट्रोल रूम से संपर्क करें। इसके लिए मुजफ्फरनगर में 7428097826, 7428097827 और 7428097828 नंबर जारी किए गए हैं। विभाग ने सभी नागरिकों से सुरक्षित दीपावली मनाने और गैस पाइपलाइन के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।















