बाँदा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रांतीय पर्यवेक्षक व बांदा प्रभारी अभिमन्यु सिंह बांदा पहुंचे, जहां जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड स्थित जिला कार्यालय में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में वोट बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दिल्ली में होने वाली बड़ी रैली को लेकर रणनीति तय की गई। प्रांतीय प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा 01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की विशाल रैली / धरना प्रदर्शन होने जा रहा है। इस रैली में देशभर से करीब 10 लाख कांग्रेस जन पहुंचकर वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से करोड़ों मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया है, यह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने बांदा के सभी कांग्रेसियों से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में निरंतर संघर्ष कर रही है। हम फिरकापरस्त ताकतों से लड़ते हुए इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। उन्होंने प्रभारी को भरोसा दिलाया कि बांदा जनपद से सैकड़ों कांग्रेस जन ट्रेनों, बसों और निजी साधनों से 01 नवंबर को दिल्ली रामलीला मैदान पहुंचकर राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















