मुजफ्फरनगर। आगामी त्योहारों को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान तेज कर दिया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अनुराग सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल और अस्पतालों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में आग से बचाव के लिए लगाए गए अग्निशमन यंत्रों, फायर अलार्म, हाइड्रेंट सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि सभी फायर सेफ्टी उपकरण चालू हालत में रखे जाएं और उनका नियमित रूप से रखरखाव कराया जाए। अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान प्रतिष्ठानों में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है, ऐसे में आग से बचाव के इंतजामों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फायर सेफ्टी उपकरणों की समय-समय पर जांच कराने के साथ ही आपात स्थिति में बाहर निकलने के रास्तों को पूरी तरह से सुगम रखने के निर्देश दिए गए।
सीएफओ अनुराग सिंह ने प्रतिष्ठान संचालकों से कहा कि वे अपने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव और अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी भी दें। इसके लिए अग्निशमन विभाग की ओर से कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। विभाग ने आगामी त्योहारों को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे निरीक्षण और जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने की बात कही।














