तिब्बत में ईशा फाउंडेशन के 77 तीर्थयात्री अब भी लापता,

ईशा फाउंडेशन के 77 तीर्थयात्रियों का एक ग्रुप दो दिन पहले चीन-नेपाल सीमा के पास के इलाकों में अचानक आई बाढ़ के बाद लापता हो गया था. ग्रुप के कोऑर्डिनेटर ने शुक्रवार को बताया कि उनके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है.भारतीय आध्यात्मिक गुरु जग्गी वासुदेव (सद्गुरु) द्वारा स्थापित संगठन, ईशा फ़ाउंडेशन के नेतृत्व वाला यह 77 सदस्यों का ग्रुप संपर्क से बाहर है.ग्रुप की कोऑर्डिनेटर मां गंभीरी ने बताया कि सद्गुरु मदद के लिए आपदा प्रभावित मुख्य इलाके (ग्राउंड ज़ीरो) ग्यिरोंग जाना चाहते थे, लेकिन उन्हें जरूरी मंजूरी नहीं मिली.

भारत, चीन और नेपाल में सभी दूतावासों से संपर्क

उन्होंने बताया कि समूह में 19 देशों के लोग शामिल थे और उन्होंने हर तरह की मदद पाने के लिए भारत, चीन और नेपाल में सभी दूतावासों से संपर्क किया. उन्होंने कहा कि जानकारी और मदद पाने के लिए उन्होंने भारत और नेपाल के कई दफ्तरों और मंत्रालयों से भी संपर्क किया. मां गंभीरी ने कहा, पिछले दो दिनों से ईशा फाउंडेशन के लापता 77 तीर्थयात्रियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. बचाव दल मौके पर मौजूद हैं, लेकिन अभी तक कोई सूचना नहीं है.

77 परिवारों को बेसब्री से जवाब का इंतजार

उन्होंने आगे कहा कि 77 परिवार बेसब्री से जवाब का इंतजार कर रहे हैं. यह उनके लिए बहुत मुश्किल और भावुक समय है. ईशा फाउंडेशन हर सीजन में कई बार कैलाश मानसरोवर यात्रा का आयोजन करता है. ग्रुप काठमांडू से नेपाल होते हुए तिब्बत जाते हैं और यात्रा के दौरान पैदल ट्रेकिंग भी करते हैं.

ग्यिरोंग में इमिग्रेशन ऑफिस में था ग्रुप

बुधवार को अपने आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक संदेश में सद्गुरु ने कहा कि उनका एक कैलाश यात्रा समूह नेपाल लौटते समय अचानक आई बाढ़ में फंस गया था. बाढ़ आने के समय यह समूह ग्यिरोंग में इमिग्रेशन ऑफिस में था. बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी ने इमारत और शहर के बड़े हिस्से को डुबो दिया था. उन्होंने बताया कि तीन वॉलंटियर नेपाल के तिमुरे में फंस गए थे.

अब तक 579 लोगों की मौत

लापता तीर्थयात्रियों में अमेरिका से 22, कनाडा से 12, ऑस्ट्रेलिया से 11, यूके से 9, जर्मनी से 4, फ़्रांस और नेपाल से 3-3, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर और स्पेन से 2-2, और फ़िनलैंड, हंगरी, इजराइल, लिथुआनिया, फिलीपींस, पुर्तगाल, रूस और दक्षिण अफ्रीका से 1-1 व्यक्ति शामिल हैं. नेपाल पुलिस के अनुसार, इस तबाही में कम से कम 579 लोगों की मौत हुई है और लगभग एक हजार लोग लापता हैं.

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts