मुजफ्फरनगर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत नई मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक से 103.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव और थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ट्रक में गांजा लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचने वाले हैं और यहां से विभिन्न क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाएगी।
सूचना मिलते ही नई मंडी पुलिस ने एनएच-58 पर पचेंडा बाइपास के आसपास सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया 103.9 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक सवार एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।















