बांदा। तिंदवारी मार्ग पर रफ्तार ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार वन विभाग के लिपिक को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही चीथड़े उड़ गए और स्कूटी ट्रक के पहियों में फंस गई।मृतक की पहचान भगवती नगर, तिंदवारी निवासी शाहिद सिद्दीकी (40) पुत्र अब्दुल वारिस के रूप में हुई है। शाहिद वन विभाग बांदा में लिपिक के पद पर तैनात था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूटी से ड्यूटी पर बांदा जा रहा था।जैसे ही वह मूगुस गांव के पास पहुंचा, आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने लगा। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक कट मारा और स्कूटी समेत शाहिद को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।परिजनों ने बताया कि शाहिद पहले संविदा पर था, करीब एक साल पहले ही उसकी नौकरी स्थायी हुई थी।
घर में खुशी का माहौल था। किसी ने सोचा नहीं था कि स्थायी नौकरी की खुशी इतनी जल्दी मातम में बदल जाएगी। शव देखकर परिजन दहाड़ मारकर रो पड़े। मौके पर कोहराम मच गया।सूचना पर पहुंची तिंदवारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सीसीटीवी और नंबर के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।एक बार फिर बेलगाम ट्रकों ने सवाल खड़ा कर दिया है – आखिर कब तक यमराज बनकर दौड़ेंगे ये ट्रक।














