जूनियर कबड्डी में मुजफ्फरनगर का जलवा, मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने बढ़ाया हौसला

मुजफ्फरनगर। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने अपने आवास पर मुजफ्फरनगर की जूनियर बालक कबड्डी टीम का स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शामली में आयोजित होने वाली स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने जा रही टीम के खिलाड़ियों को कबड्डी किट और बैग प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मुजफ्फरनगर की जूनियर बालक कबड्डी टीम ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। टीम ने 7 सितंबर को फिरोजाबाद में आयोजित यूपी जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप जोन-ए में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के बाद टीम का चयन स्टेट चैंपियनशिप के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस सफलता से खेल प्रेमियों और टीम से जुड़े पदाधिकारियों में उत्साह है।

स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजीव बालियान ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खेलों में अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक बालियान, टीम के कोच राहुल बालियान और मैनेजर नीरज बालियान मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए स्टेट चैंपियनशिप में टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts