बाँदा। जनपद में जुआरियों की शामत आ गई है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के सख्त निर्देश पर पूरे जिले में चल रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान में कालिंजर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात कालिंजर पुलिस गश्त पर थी। तभी सूचना मिली कि तरहटी कालिंजर बेलाताल के पास बने जर्जर और सुनसान गुम्बद के अंदर कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।पुलिस ने बिना देर किए घेराबंदी कर छापा मार दिया। अचानक पुलिस को देख जुआरियों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का फायदा उठाकर 3 जुआरी खेतों की तरफ भाग निकले, लेकिन 3 जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।पुलिस ने मौके से जुए की फड़ से 5145 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और मौके पर खड़ी 3 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। जुआरी नवल किशोर निवासी कीरतपुर, पन्ना से आकर यहां जुआ खेल रहा था। जयपाल निवासी कटरा, कालिंजर व बाल किशन उर्फ बाटू निवासी तरहटी, कालिंजर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शेरा, चुन्नू और दुर्गेश को नामजद किया है, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा जनपद में जुआ और सट्टा जैसे सामाजिक बुराई को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। मेरा सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश है कि अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे अड्डों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करें। कालिंजर पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। मध्यप्रदेश से आकर यहां जुआ खेलने वाले अभियुक्त की गिरफ्तारी यह दर्शाती है कि हम सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। फरार अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














