मुजफ्फरनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को जिला महिला चिकित्सालय, मुजफ्फरनगर में स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर एवं डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।
इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा-2026 की थीम “स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत” के अनुरूप स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। डॉ. राजीव कुमार ने उपस्थित चिकित्सकीय एवं अन्य कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला महिला चिकित्सालय परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों और स्वच्छता नायकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि स्वच्छता कर्मी स्वच्छ एवं समृद्ध भारत की महत्वपूर्ण पहचान हैं। अस्पताल परिसर में स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर को भी बधाई दी गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मैट्रन रीमा रानी, आईसीएन रिंका तथा एचडीएम सबा रानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. मुरली भास्कर ने उपस्थित क्लीनिंग एवं गार्डनिंग स्टाफ सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाए रखने के लिए निरंतर सहयोग की अपील की।















