मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरकों, रसोईघर, कारागार परिसर और कार्यालय का निरीक्षण किया। रसोईघर की व्यवस्थाओं को देखते हुए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने पुरुष एवं महिला बंदियों से जेल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कारागार कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव तथा मुलाकाती रजिस्टर का अवलोकन किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अधिकारियों ने जिला कारागार में स्थापित जैमर प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इसके बाद कारागार परिसर में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया गया। अस्पताल में दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी और बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने, जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने तथा साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अंत में कारागार में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।














