मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिला कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरकों, रसोईघर, कारागार परिसर और कार्यालय का निरीक्षण किया। रसोईघर में सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने तथा बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने पुरुष एवं महिला बंदियों से बातचीत कर जेल में मिलने वाली सुविधाओं तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद अभिलेखों के रखरखाव और मुलाकाती रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की जांच के दौरान कारागार में लगे जैमर सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया।
अधिकारियों ने कारागार परिसर स्थित अस्पताल का निरीक्षण कर दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी और बंदियों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शातिर बंदियों पर कड़ी निगरानी रखने और जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के अंत में जेल में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।























































