चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सेहत को लेकर चीनी लोकतंत्र पार्टी (CDP) के चेयरमैन जी वानजुन ने बड़ा दावा किया है. वानजुन के मुताबिक, भारत में आयोजित BRICS Summit में हिस्सा लेने के बाद चीन लौटे शी जिनपिंग को बीजिंग एयरपोर्ट से सीधे सैन्य हेलीकॉप्टर के जरिए बीजिंग 301 अस्पताल ले जाया गया. उनका दावा है कि जिनपिंग को अस्पताल में आपातकालीन उपचार दिया गया.वानजुन ने कथित प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से दावा किया है कि जिनपिंग के चीन लौटने पर बीजिंग एयरपोर्ट पर सामान्य तौर पर दिखाई देने वाला आधिकारिक स्वागत नहीं हुआ. उनके मुताबिक, न तो बड़ी संख्या में अधिकारी एयरपोर्ट पर मौजूद थे और न ही कोई औपचारिक स्वागत समारोह हुआ. दावा है कि एयरपोर्ट से जिनपिंग को सीधे अस्पताल ले जाया गया.
BRICS समिट के दौरान भी बिगड़ी थी तबीयत
CDP के चेयरमैन जी वानजुन ने इससे आगे दावा किया है कि नई दिल्ली में BRICS Summit के दौरान भी जिनपिंग की तबीयत अचानक बिगड़ी थी और उन्हें उनके साथ मौजूद मेडिकल टीम ने संभाला था. उनके मुताबिक, इसी वजह से जिनपिंग ने अपनी भारत यात्रा कथित तौर पर तय कार्यक्रम से पहले समाप्त की.हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. जिनपिंग के 301 अस्पताल में भर्ती होने, आपातकालीन उपचार दिए जाने या सैन्य हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाए जाने की पुष्टि चीन सरकार, 301 अस्पताल या किसी विश्वसनीय स्वतंत्र स्रोत की ओर से नहीं की गई है.
PM मोदी की गाला डिनर में शामिल नहीं थे जिनपिंग
ब्रिक्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई थी. हालांकि, पीएम मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में जिनपिंग शामिल नहीं हुए थे. उनकी डिनर में अनुपस्थिति की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई थी.चीन के राष्ट्रपति शी करीब 7 साल बाद ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत के दौरे पर आए थे. इससे पहले वह अक्टूबर 2019 में तमिलनाडु के महाबलीपुरम में अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था.














